प्रतापगढ़: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, SP दीपक भूकर ने किए 6 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के तबादले

प्रतापगढ़: जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी ने छह निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन अधिकारियों का हुआ स्थानांतरण

स्थानांतरण आदेश के तहत प्रभारी निरीक्षक मान्धाता अरविन्द कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक कुंडा बनाया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक कुंडा मनोज कुमार पाण्डेय का तबादला पुलिस लाइन कर दिया गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष कोहंडौर धनंजय राय को मान्धाता थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि सिविल लाइन चौकी प्रभारी अनुपम त्रिपाठी को थानाध्यक्ष कोहंडौर नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा चिलबिला चौकी प्रभारी अंकित तिवारी को सिविल लाइन चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक रोहित सिंह को चिलबिला चौकी प्रभारी के पद पर तैनात किया गया है।

कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा किया गया यह प्रशासनिक फेरबदल जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादला सूची जारी होने के बाद पुलिस महकमे में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment