लखनऊ। अयोध्या में अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही बुलडोजर कार्रवाई का समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने विरोध किया है। इस पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए अयोध्या और काशी के विकास को लेकर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से मथुरा को लेकर उनका रुख स्पष्ट करने को कहा।
मुख्य बातें
- अयोध्या की बुलडोजर कार्रवाई पर अखिलेश के विरोध का बृजेश पाठक ने दिया जवाब
- मथुरा को लेकर अखिलेश से पूछा सवाल, राम-कृष्ण पर दिया बयान
- सपा, कानून-व्यवस्था और चुनाव आयोग को लेकर भी साधा निशाना
‘जो राम का नहीं हुआ वो कृष्ण का नहीं हो सकता’
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब तुष्टीकरण की हद हो गई थी और अयोध्या-काशी के विकास को रोक दिया गया था। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी से पूछना चाहिए कि उनका मथुरा पर क्या स्टैंड है? मैंने पहले भी कहा था कि जो राम का नहीं हुआ वो कृष्ण का नहीं हो सकता। जो कृष्ण का नहीं हो सकता वो किसी का नहीं हो सकता।”
अयोध्या-काशी के विकास को लेकर अखिलेश पर सवाल
अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या और काशी के विकास पर सवाल उठाए जाने पर बृजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा अयोध्या और काशी के विकास पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने कार्यकाल की ओर भी देखना चाहिए और बताना चाहिए कि सपा सरकार के दौरान अयोध्या और काशी के विकास में कितना खर्च किया गया था।
योगी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “आज यूपी में हमारी सरकार अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी के तौर पर विकसित कर रही है। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का चोड़ीकरण किया जा रहा है। लेकिन सपा सरकार ने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर प्रतिबंध लगाने तक का काम किया था।”
‘सपा को सनातन संस्कृति से कोई लेना देना नहीं’
ब्रजेश पाठक ने सपा पर धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को सनातन संस्कृति से कोई लेना देना नहीं है। ये सिर्फ मुस्लिम तुष्टीकरण करना जानते हैं और ये अयोध्या के विकास को रोकने का रास्ता खोजते रहे हैं।”
कानून-व्यवस्था और चुनाव आयोग पर भी पलटवार
सपा पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए बृजेश पाठक ने कहा, “सपा गुंडों और अपराधियों की पक्षधर पार्टी है। आज यूपी की सभी जेलों में खुशी मनाई जा रही है। अपराधी, गुंडे और माफिया उम्मीद लगाए बैठे हैं कि अखिलेश यादव सत्ता में आएंगे तो गुंडे बाहर आ जाएंगे।” उन्होंने कहा कि सपा जब-जब सत्ता में आई है, गुंडे और माफिया सड़कों पर आए हैं।
वहीं अखिलेश यादव के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा, “अखिलेश यादव हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करते हैं। ये जब चुनाव जीतते हैं तो चुनाव आयोग अच्छा हो जाता है लेकिन जब हार मिलती है तो तरह-तरह के आरोप लगाते हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से निष्पक्ष राजनीति की पक्षधर रही है।