लखनऊ में पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन, निकाली शवयात्रा; ‘सिर काटने’ पर 51 लाख का ऐलान

लखनऊ। संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर किए गए विरोध प्रदर्शन का विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है। 1 अगस्त को लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पप्पू यादव की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई, नारेबाजी हुई और पप्पू यादव के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीरों पर चप्पल मारकर विरोध जताया गया।

‘भगवा का राजनीतिक इस्तेमाल स्वीकार नहीं’

प्रदर्शन के दौरान ‘पप्पू यादव मुर्दाबाद’, ‘सनातन से मत टकराओ’ और ‘पप्पू यादव होश में आओ’ जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर भगवा वस्त्र पहनकर राजनीतिक प्रदर्शन करना सनातन परंपरा और साधु-संतों का अपमान है। उनका कहना था कि विरोध दर्ज कराने के लिए भगवा का इस्तेमाल कर करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत की गई हैं।

संगठन अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि भगवा त्याग, तपस्या और सनातन परंपरा का प्रतीक है, इसलिए इसका राजनीतिक प्रदर्शन के लिए उपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पप्पू यादव को भगवा धारण करने का नैतिक अधिकार नहीं है और विपक्षी दल सनातन आस्था को निशाना बना रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान अनुरोध राय ने पप्पू यादव को लेकर ऐलान किया कि जो व्यक्ति पप्पू यादव का सिर काटकर लाएगा, उसे 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।

अखिलेश और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

अनुरोध राय ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संसद में हुआ प्रदर्शन उनके इशारे पर किया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष राम मंदिर के मुद्दे की आड़ में सनातन परंपरा का अपमान करने की राजनीति कर रहा है।

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद संसद परिसर में शुक्रवार को हुए उस प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें सांसद पप्पू यादव साधु के वेश और भगवा वस्त्र में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराते नजर आए थे। उस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के कई सांसद भी मौजूद थे। इसी प्रदर्शन के विरोध में लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।

Leave a Comment