सुलतानपुर: दूध विक्रेता रमापति तिवारी हत्याकांड में तीनों नामजद आरोपी गिरफ्तार; कुल्हाड़ी, बाइक बरामद

सुल्तानपुर। कोतवाली क्षेत्र के बरनी गांव में चर्चित दूध विक्रेता रमापति तिवारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार को रामपुर अंडरपास, थाना चांदा के पास से हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

18 जुलाई को हुई थी हत्या

पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को रमापति तिवारी की हत्या के बाद उनकी बड़ी बहू ममता तिवारी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में मंझली बहू शशि तिवारी और उसके दोनों बेटों शुभम(18) व सुधांशु(16) को नामजद किया गया था।

साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद एसओजी और चांदा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार दोपहर रामपुर मोड़ हाईवे अंडरपास के पास से आरोपी शशि तिवारी (36) और उनके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। एक बाल अपचारी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई।

जांच में सामने आया कि रमापति तिवारी के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीपी कमैचा और फिर जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संशोधन करते हुए हत्या से संबंधित गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं। कोतवाल राजकुमार वर्मा ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment