पानी में डूबी गड्ढे वाली सड़क, ग्रामीणों ने कर दी धान की रोपाई, दिया है 20 दिनों का अल्टीमेटम

सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र के मुईली-दुबेपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। कटका क्लब सामाजिक संस्था और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने “जब तक रोड नहीं, तब तक वोट नहीं” के नारे लगाए और आगामी चुनाव में मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी।

धान की रोपाई कर जताया विरोध

प्रदर्शन का नेतृत्व मनोज कुमार विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि वर्षों से मुईली-दुबेपुर मार्ग बदहाल पड़ा है, लेकिन क्षेत्र के विधायक, सांसद और प्रशासन केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे छात्रों, किसानों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

‘घोषणाओं से नहीं, सड़क निर्माण से मिलेगी राहत’

मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि जनता को अपनी मांगों के लिए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़े, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू होना चाहिए।

20 दिन का अल्टीमेटम, नहीं बनी सड़क तो होगा बड़ा आंदोलन

ग्रामीणों ने प्रशासन को 20 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि निर्धारित अवधि के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि तय समय में कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही पूरे क्षेत्र में “सड़क नहीं तो वोट नहीं” अभियान चलाकर चुनाव के बहिष्कार का आह्वान किया जाएगा।

Leave a Comment