श्रावस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव की विरासत का सम्मान करने के बजाय विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी के नाम पर मेले को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वतंत्र भारत में किसी विदेशी आक्रांता का महिमामंडन नहीं होगा। जो ऐसा करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
21 जुलाई को इकौना के सीताद्वार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रावस्ती और भिनगा विधानसभा क्षेत्रों की 396 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 83 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबी, स्टडी किट और आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कानून-व्यवस्था पर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश में माफिया, गुंडाराज और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था और सरकारी नौकरियों में सिफारिश व भ्रष्टाचार हावी था। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदली है और बिना भेदभाव लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
सीएम ने कहा कि अब श्रावस्ती जैसे पिछड़े जिले भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना, मेडिकल कॉलेज, सड़क और अन्य बुनियादी परियोजनाओं के जरिए जिले का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब श्रावस्ती की पहचान “मच्छर और माफिया” से नहीं बल्कि एक प्रेरणादायी जिले के रूप में बन रही है।
बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। बलरामपुर में धर्मांतरण मामले के आरोपी छांगुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि “जो बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसकी जगह सिर्फ दो ही हैं—जेल या जहन्नुम।”
श्रावस्ती को मिलेगा फोरलेन कनेक्टिविटी का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावस्ती को बेहतर सड़क संपर्क देने के लिए श्रावस्ती-बलरामपुर-गोंडा-अयोध्या फोरलेन कॉरिडोर पर काम चल रहा है। इसके साथ ही करीब 7,500 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत बहराइच-लखनऊ फोरलेन कॉरिडोर को आगे बढ़ाकर श्रावस्ती तक जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे जिले की अयोध्या और लखनऊ से सीधी फोरलेन कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक और सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबी, स्टडी किट और आयुष्मान कार्ड वितरित किए।