सुल्तानपुर। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पीसीएस की तैयारी कर रहे एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका लखनऊ में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बीड़ी गांव निवासी रितेश कुमार सिंह (28) रविवार सुबह करीब 8 बजे अपने 12 वर्षीय भतीजे शौर्य प्रताप सिंह के साथ बाइक से गोसाईगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान राजापुर के पास सुल्तानपुर की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सैफुल्लागंज निवासी राजू (18) और सचिन (19) सवार थे।
हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रितेश कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शौर्य प्रताप सिंह, राजू और सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविवार रात करीब 9 बजे राजू की भी मौत हो गई।
दिल्ली में रहकर कर रहे थे पीसीएस की तैयारी
मृतक रितेश कुमार सिंह दिल्ली में रहकर पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वह तीन दिन पहले ही अपने घर आए थे और दो दिन बाद वापस दिल्ली लौटने वाले थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे थे।
रितेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी मां गीता सिंह, बहनें कविता, याशिता और पूजा सिंह तथा भाई ज्ञान प्रकाश सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल शौर्य प्रताप सिंह और सचिन का लखनऊ में इलाज जारी है।