जौनपुर के सुयश यादव ने पहले प्रयास में पास की NEET परीक्षा, जिले का बढ़ाया मान

आकाश मिश्र

जौनपुर। जनपद के प्रेमपुर ग्राम सभा निवासी सुयश यादव ने देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा NEET (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले उन्होंने उमा वैजयंती पब्लिक स्कूल, शाहपुर (बदलापुर) से इंटरमीडिएट की परीक्षा 94 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था।

चिकित्सा सेवा से जुड़ा है परिवार

सुयश यादव, डॉ. अमित यादव के पुत्र हैं। उनके पिता डॉ. अमित यादव और दादा डॉ. रामसेवक यादव गुदरीगंज, लालाबाजार में होम्योपैथिक क्लीनिक का संचालन करते हैं। चिकित्सा सेवा से जुड़े परिवार की इस परंपरा को अब सुयश आगे बढ़ाएंगे।

राह क्लासेज से की थी NEET की तैयारी

सुयश ने NEET परीक्षा की तैयारी जौनपुर स्थित राह क्लासेज से की थी। उनकी सफलता का श्रेय उन्होंने अपनी मेहनत, निरंतर अभ्यास, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।

शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने दी बधाई

सुयश की सफलता पर उमा वैजयंती पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर सुनील कुमार चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार मिश्रा, डॉ. आशीष उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, बदलापुर अध्यक्ष उमेश मिश्रा, तहसील प्रभारी अनिल कुमार पांडे, श्यामले यादव, हरिकृष्ण यादव, सुनील यादव, प्रतिभा यादव सहित अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment