गोरखपुर जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ सख्त, IGRS पर गलत रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और IG​​RS पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों पर गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्य बातें

  • जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं
  • IG​​RS पर गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
  • इलाज के लिए आर्थिक सहायता और रोजगार संबंधी मामलों में सहयोग का भरोसा

गलत रिपोर्ट लगाने वालों की तय होगी जवाबदेही

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में कई लोगों ने अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। कुछ फरियादियों ने आरोप लगाया कि IG​​RS पोर्टल पर उनकी शिकायतों के संबंध में गलत रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है।

इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच हो और गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सख्त निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर जबरन कब्जा करने से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में शिकायतकर्ताओं को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, उनकी अलग से जांच कराई जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों से अस्पतालों के इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजने को कहा, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

दिव्यांग युवती ने मांगी भाई के लिए नौकरी में मदद

जनता दर्शन में एक दिव्यांग युवती ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इंटर पास भाई के लिए रोजगार की व्यवस्था कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को युवती के प्रार्थना पत्र पर उचित सहयोग करने के निर्देश दिए।

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दोहराया कि आम लोगों की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Leave a Comment