जौनपुर: सुइथाकला ब्लॉक की समीक्षा बैठक, 5.10 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

आशुतोष दुबे

जौनपुर। शाहगंज विधानसभा के सुइथाकला विकासखंड परिसर स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख विद्या देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदन ने सर्वसम्मति से 5.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की। साथ ही मनरेगा लेबर बजट का भी अनुमोदन किया गया।

कृषि, आवास, मनरेगा समेत कई योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की विकास कार्यों में सहभागिता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। एडीओ कृषि शिवम गुप्ता ने खरीफ फसली ऋण, बीज एवं खाद वितरण सहित कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

इसके अलावा बाल विकास, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पंचम एवं पंद्रहवें वित्त आयोग की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई।

बिजली विभाग के खिलाफ फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा

बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर सदन में जनाक्रोश भी देखने को मिला।

जल संरक्षण की दिलाई शपथ

खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक को ग्राम प्रधान विजय सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन एडीओ पंचायत जय प्रकाश मौर्य ने किया, जबकि अंत में प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रांत गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रभान, अरविंद कुमार, एडीओ एसटी राकेश सिंह, जेई एमआई अनिल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment