जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी जयराम गौतम ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी 9 वर्षीय पोती के साथ गांव के ही रहने वाले मिथुन गौतम ने कथित रूप से बदसलूकी की और आपत्तिजनक बातें कहीं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘तुम बहुत सुंदर हो’, कहकर की आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
शिकायत के अनुसार, जयराम गौतम की पोती किसी काम से दुकान गई थी। इसी दौरान गांव निवासी मिथुन गौतम ने उसका हाथ पकड़ लिया और कथित रूप से कहा, “तुम बहुत सुंदर हो, तुम्हारी आंखें बहुत सुंदर हैं।” आरोप है कि इसके बाद उसने बच्ची से अभद्र व्यवहार किया। बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप
जयराम गौतम का आरोप है कि जब वह इस संबंध में मिथुन गौतम के घर शिकायत करने पहुंचे तो मिथुन और उसके भाई राहुल गौतम ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की, भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले में बदलापुर थाना पुलिस ने जयराम गौतम की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।