लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(Yogi Adityanth) ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन(Janta Darshan) में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई, पारिवारिक विवाद लेकर पहुंचे लोगों की काउंसिलिंग की और खिलाड़ियों को पदक जीतने पर सरकारी नौकरी में प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। जनता दर्शन में बच्चों को चॉकलेट देकर मन लगाकर पढ़ाई करने की भी सीख दी।
खिलाड़ियों को दिया नौकरी का भरोसा
जनता दर्शन में कई खिलाड़ी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। सीएम योगी ने उनसे खेलों की तैयारी और अब तक जीते गए पदकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की लगातार सीधी भर्ती कर रही है। कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे, उन्हें पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता दी जाएगी।
पारिवारिक विवाद घर में ही सुलझाने की सलाह
जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संबंधित पक्षों से पूरी जानकारी ली और उनकी काउंसिलिंग करते हुए कहा कि ऐसे विवादों का असर बच्चों पर भी पड़ता है।
उन्होंने सलाह दी कि परिवार के बड़े-बुजुर्गों के साथ बैठकर आपसी विवाद सुलझाएं और निजी मामलों में बाहरी लोगों की दखलंदाजी से बचें।
राजस्व और पुलिस मामलों में लापरवाही पर सख्ती
मुख्यमंत्री के सामने राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी कई शिकायतें भी आईं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से पूछा कि उन्होंने कब शिकायत दर्ज कराई थी। समय सीमा बीतने के बावजूद कार्रवाई न होने की जानकारी मिलने पर सीएम योगी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय पर कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बच्चों को दी चॉकलेट, पढ़ाई पर दिया जोर
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने उनका नाम और कक्षा पूछी। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख देते हुए भविष्य में खूब नाम कमाने का आशीर्वाद दिया।