प्रतापगढ़: ढकवा में कूड़ा उठाने पर विवाद, शिव मंदिर के सामने पलटा कचरा, क्या बोले नगर पंचायत अध्यक्ष

प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा में 24 जुलाई की सुबह कूड़ा उठाने को लेकर हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब आरोप है कि नगर पंचायत के कूड़ा वाहन चालक ने दुकान और शिव मंदिर के सामने ही पूरी गाड़ी का कचरा पलट दिया। घटना के बाद इलाके में गंदगी फैल गई और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज व्यापारियों ने नगर पंचायत कर्मचारियों के खिलाफ आसपुर देवसरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

अतिरिक्त पैसे मांगने और मनमानी का आरोप

व्यापारियों का आरोप है कि नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी आए दिन कूड़ा उठाने के नाम पर विवाद करते हैं और अतिरिक्त पैसे की मांग करते हैं। उनका कहना है कि 24 जुलाई को भी इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों से कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद कूड़ा वाहन चालक ने धमकी देते हुए दुकान और शिव मंदिर के सामने पूरी गाड़ी का कचरा पलट दिया। व्यापारियों ने इसे कर्मचारियों की मनमानी बताया और कहा कि धार्मिक स्थल के सामने कचरा फेंके जाने से लोगों की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

पुलिस जांच में जुटी, दोनों को हिरासत में लिया गया

घटना के बाद व्यापारियों ने आसपुर देवसरा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले गई है। व्यापारियों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

चेयरमैन और वार्ड सदस्य ने क्या कहा?

वहीं Newsbook24 से बातचीत में ढकवा नगर पंचायत चेयरमैन अशोक त्यागी ने बताया कि कूड़ा उठाने को लेकर सफाई कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर सफाई कर्मचारियों ने राजू जायसवाल के घर के सामने गाड़ी से कचरा पलट दिया। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, तुरंत कर्मचारियों और जेसीबी को मौके पर भेजकर कचरा हटवाया गया और पूरे क्षेत्र की सफाई कराई गई। साथ ही पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।

ढकवा नगर पंचायत सदस्य हरिकेश पाठक ने कहा कि वार्ड नंबर-8 के राजीव जायसवाल के घर के सामने कचरे का ढेर नगर पंचायत कर्मचारियों की मनमानी को दर्शाता है। उनके मुताबिक, कूड़ा उठाने के विवाद के बाद पूरी गाड़ी का कचरा घर के सामने पलट दिया गया, जो बेहद अमानवीय कृत्य है।

EO बोले- जांच होगी, दोषियों पर होगी कार्रवाई

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके से कूड़ा हटवाकर सफाई करा दी गई है तथा कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment