लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राशन कार्डधारकों के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। अब सरकारी राशन लेने आने वाले लोगों के लिए कोटेदार बैठने की व्यवस्था करेंगे। साथ ही उन्हें पीने का साफ पानी और गुड़ या पेठा भी उपलब्ध कराया जाएगा। चुनावी वर्ष में सरकार के इस फैसले को अहम कदम माना जा रहा है।
सम्मानजनक व्यवहार देना होगा
प्रदेश में करीब 3 करोड़ 65 लाख से अधिक राशन कार्डधारक हैं, जिन्हें गांवों में उचित दर की दुकानों से राशन मिलता है। शासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई जगह राशन लेने आने वाले लोगों के लिए बैठने की सुविधा नहीं होती और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार भी नहीं किया जाता। इसी को देखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
गुड़-पेठा भी दिया जाएगा
खाद्य मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि राशन वितरण के दिन कोटेदार अपनी दुकान पर कुर्सियों की व्यवस्था करेंगे। कार्डधारकों को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाएगा और गुड़ या पेठा भी दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का आर्थिक बोझ कोटेदारों पर नहीं डाला जाएगा। कुर्सियां खरीदने और राशन वितरण के दौरान सत्कार की व्यवस्था करने के लिए सरकार अलग से धनराशि उपलब्ध कराएगी। सरकार के अनुसार, इस योजना पर हर साल करीब 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका उद्देश्य राशन लेने आने वाले लाभार्थियों को सम्मानजनक और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।