प्रतापगढ़: पट्टी के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान युवती की मौत, परिजनों का हंगामा

प्रतापगढ़। पट्टी क्षेत्र के बंधवा बाजार स्थित सूर्य सेवा नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और जांच शुरू कर दी।

जौनपुर की रहने वाली थी युवती

मृतका की पहचान जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के मया गांव निवासी स्व. जीतलाल की पुत्री सुमित्रा पटेल (20) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। पहले उसे स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बंधवा बाजार स्थित निजी नर्सिंग होम रेफर किया गया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर और सही इलाज नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सुमित्रा की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के बड़े भाई रवि पटेल और चचेरे भाई ऋषि पटेल का आरोप है कि युवती की मौत के बाद नर्सिंग होम का पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर चला गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो भाई और दो बहनों का परिवार छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Comment