भदोही के विशाल शुक्ला ने बढ़ाया देश का मान, अंतरराष्ट्रीय साइबर प्रतियोगिता में भारत को दिलाया दूसरा स्थान

आकाश मिश्र

भदोही। जिले के सुरियावां क्षेत्र के हरीपुर गांव के रहने वाले विशाल शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। विशाल, मध्य प्रदेश साइबर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (एमपी-सीईआरटी) के सदस्य हैं।

गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) में आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय इन्वेस्टिगेटर समिट एवं प्रतियोगिता-2026 में एमपी-सीईआरटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता 11वें इंटरपोल डिजिटल फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ग्रुप की बैठक के दौरान आयोजित हुई थी।

प्रतियोगिता में 10 से अधिक देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें दक्षिण कोरिया की टीम पहले, भारत (एमपी-सीईआरटी) दूसरे और ब्राज़ील की टीम तीसरे स्थान पर रही।

भारतीय टीम में अमित पांडे, अभिषेक श्रोति, विशाल शुक्ला, योगेश पंडित और ऋषभ चौबे शामिल थे। टीम ने साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल फोरेंसिक से जुड़ी चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में अपनी विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि साइबर जांच और डिजिटल फोरेंसिक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। वहीं, विशाल शुक्ला की इस सफलता से उनके पैतृक गांव हरीपुर और पूरे भदोही जिले में खुशी का माहौल है।

Leave a Comment