आशुतोष दुबे
जौनपुर। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं की मांग को लेकर 11 वर्षीय एक छात्र ने विधायक दरबार में पहुंचकर इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम बनवाने की मांग उठाई। छात्र की पहल से प्रभावित होकर विधायक रमेश सिंह ने अधिकारियों को जमीन तलाशने के निर्देश दिए।
सेंट थॉमस रोड, शाहगंज निवासी और ख्यातिप्राप्त पशुचिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल के 11 वर्षीय पुत्र राघव पालीवाल रविवार को बस्ती बंदगान स्थित विधायक रमेश सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
खेल सुविधाओं की कमी का उठाया मुद्दा
राघव ने अपने ज्ञापन में कहा कि शाहगंज क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए खेलने की पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने क्षेत्र में इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश
राघव की पहल और खेल के प्रति उसके उत्साह की सराहना करते हुए विधायक रमेश सिंह ने मौके पर ही कस्बे के नायब तहसीलदार पियूष सिंह और हल्का लेखपाल सौरभ से मोबाइल पर बात की और इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बैडमिंटन का इंडोर स्टेडियम बनवाना उनकी योजनाओं में पहले से शामिल है। इस दौरान पंकज सिंह सहित अन्य मौजूद लोगों ने भी राघव की सोच और खेल के प्रति उसके समर्पण की सराहना की।