सुलतानपुर। सुल्तानपुर के कुड़वार थाने में तैनात 2025 बैच के आरक्षी अभय सिंह ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (यूपी एसआई) भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस स्टाफ ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कानपुर के रहने वाले हैं अभय सिंह
अभय सिंह पुत्र सूरज सिंह यादव कानपुर जिले के झिझक गांव के निवासी हैं। वर्ष 2025 में यूपी पुलिस की आरक्षी भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उनकी पहली तैनाती कुड़वार थाने में हुई थी। ड्यूटी के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और वर्ष 2026 की यूपी एसआई भर्ती परीक्षा भी पास कर ली।
2024 में स्नातक के बाद शुरू की थी तैयारी
अभय सिंह ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा कानपुर में हुई। वर्ष 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उनके पिता सूरज सिंह यादव निजी नौकरी करते हैं, जबकि माता मुन्नी देवी गृहिणी हैं। अभय अपने परिवार के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने पुलिस सेवा में स्थान बनाया है।
थाना प्रभारी ने किया सम्मानित
यूपी एसआई परीक्षा में सफलता मिलने के बाद कुड़वार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश यादव और थाने के समस्त पुलिसकर्मियों ने अभय सिंह को शुभकामनाएं दीं। थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने कहा कि अभय सिंह मेहनती, अनुशासित और ड्यूटी के प्रति सजग पुलिसकर्मी हैं। उनकी ईमानदारी और निरंतर मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अभय की उपलब्धि पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती के लिए कुल 4,543 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया में करीब 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लंबी चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4,543 अभ्यर्थियों का उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है। इन्हीं सफल अभ्यर्थियों में कुड़वार थाने में तैनात आरक्षी अभय सिंह ने भी अपनी जगह बनाई है। ड्यूटी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए हासिल की गई उनकी यह सफलता अन्य युवाओं और पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।