जौनपुर: सई नदी में कूदकर बीएससी छात्रा ने दी जान, बरगुदर पुल से लगाई छलांग; दो घंटे बाद मिला शव

आकाश मिश्र

जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल से बुधवार सुबह एक बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा ने सई नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हाइलाइट्स:
  • बरगुदर पुल से सई नदी में कूदकर छात्रा ने दी जान।
  • करीब दो घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने शव किया बरामद।
  • मौके से छात्रा की साइकिल और चप्पल मिली, पुलिस जांच में जुटी।

घर से साइकिल लेकर निकली थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, डीहजहनिया गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति की पुत्री श्वेता प्रजापति क्षेत्र के गुलजारगंज-रईया स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह किसी बात से नाराज होकर घर से साइकिल लेकर निकली और बरगुदर पुल पर पहुंचकर सई नदी में छलांग लगा दी।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

घटना के समय पुल से गुजर रहे राहगीरों ने छात्रा को नदी में कूदते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके से छात्रा की लाल रंग की साइकिल और चप्पल बरामद हुई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुल से लगभग 50 मीटर आगे नदी से छात्रा का शव बरामद कर लिया गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है

Leave a Comment