उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक साझेदारी को बुधवार को नई गति मिली। नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग हुई। दोनों कंपनियां उत्तर प्रदेश में कुल 3,195 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
YEIDA में लगेंगी नई विनिर्माण इकाइयां
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड YEIDA के सेक्टर-10 में 2,029 करोड़ रुपये की लागत से विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। यहां ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण से जुड़े उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के जरिए 3,800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
वहीं, मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड YEIDA क्षेत्र में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित करेगी। कंपनी इन परियोजनाओं में करीब 1,166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे लगभग 6,440 रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।
जापानी निवेश से मजबूत होगी औद्योगिक सप्लाई चेन
दोनों परियोजनाओं का संयुक्त निवेश 3,195 करोड़ रुपये है। इनके शुरू होने से सीधे रोजगार के साथ-साथ YEIDA क्षेत्र में सहायक उद्योगों (Ancillary Industries) और सप्लाई चेन (Supply Chain) से जुड़े कारोबार के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।
इन परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश में जापानी कंपनियों के बढ़ते निवेश और प्रदेश के औद्योगिक माहौल पर उनके भरोसे के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। नई विनिर्माण इकाइयों के जरिए राज्य में उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ जापान और उत्तर प्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यूपी-जापान औद्योगिक साझेदारी को मिलेगी नई रफ्तार
उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन के दौरान हुए इन दो प्रोजेक्ट्स की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग से YEIDA में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रैक्टर, निर्माण उपकरण और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश से क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर कारोबार और सप्लाई नेटवर्क के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा।