‘कृष्णवंशी नहीं, कंसवंशी हैं आप…जो बिगाड़ना हो बिगाड़ लेना’, अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का निशाना

लखनऊ

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। 7 अगस्त को सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने एक पोस्ट में राजभर ने गाजीपुर और अमेठी की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा की राजनीति, उसके PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे और पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के लिए ‘कंसवंशी’ जैसे तीखे शब्दों का भी इस्तेमाल किया।

हाइलाइट्स:
  • ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव पर बोला बड़ा हमला।
  • गाजीपुर और अमेठी की घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा पर लगाए गंभीर आरोप।
  • पिछड़े और दलित समाज की कई जातियों से एकजुट होने की अपील की।

‘कृष्णवंशी नहीं, कंसवंशी हैं आप’

अपने पोस्ट की शुरुआत में ही ओपी राजभर ने लिखा, “ऐसा लगता है कि आप भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हो ही नहीं सकते, क्योंकि उस वंश का नाश तो गांधारी के श्राप से पहले ही हो चुका है। आप लोग कृष्ण नहीं कंसवंशी हैं! जब से आपकी पार्टी लोकसभा की 37 सीटें जीती है, आपके राक्षस मानो पागल हो चुके हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का PDA का नारा केवल राजनीतिक दिखावा बनकर रह गया है, जबकि पिछड़े और दलित समाज के लोगों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि आप जो पीडीए के नाम पर रोज नई-नई नौटंकी और ढोंग रच रहे हैं न, उसकी नुमाइश आपके हत्यारे अहिर गुंडे सरेआम कर रहे हैं।

गाजीपुर और अमेठी की घटनाओं का उठाया मुद्दा

ओपी राजभर ने गाजीपुर की घटना पर कहा, “गाजीपुर की मेरी दो मासूम बच्चियों की गलती सिर्फ इतनी थी कि वो सामंती यादवों के खेत में घास काटने चली गईं थीं। बिटिया आंचल राजभर सिर्फ 13 साल की थी, जिसको आपके यादवों ने बेरहमी से मार डाला। दूसरी बेटी चांदनी राजभर की उम्र तो बस 12 साल है, उसे भी आपके राक्षसों ने इतना पीटा कि वो बेचारी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।

राजभर ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि आपके लोग इतने बेरहम हैं कि एक अति पिछड़े समाज के युवक को अमेठी में बस इसलिए मौत के घाट उतार दिये कि उसने यादव समाज की युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। राजभर ने दावा किया कि युवक को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरता की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने पूछा कि क्या प्रेम विवाह करना अपराध है?

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए आगे लिखा, “अति पिछड़े कश्यप समाज के युवक की मौत और उसकी गर्भवती यादव विधवा को लेकर आपकी जुबान से एक शब्द भी नहीं निकला! वो बेचारा तो पत्नी के साथ सुखी जीवन जी रहा था। ये भी नहीं देखा गया आप लोगों को।” उन्होंने कहा कि आपके कंसवंशी अहिर गुंडों ने उसे पहले बंधक बनाया, तिल-तिल तड़पाया, उसके गुप्तांग काटे, आंखें नोंच ली और फिर चाकू से गर्दन हलाल कर दिया।

‘सर तन से जुदा’ वाली मानसिकता का भी लगाया आरोप

अपने पोस्ट में ओपी राजभर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगता है कि ‘सर तन से जुदा’ वालों के साथ रहते-रहते आप कंस के वंशजों की बुद्धि और भी वहशी हो चुकी है। और हां… कंसवंशी डीएनए वाले अहिरों कान खोलकर सुन लो, तुम्हारी दुश्मनी ओम प्रकाश राजभर से है न! 20 गौतमपल्ली, लखनऊ में रहता हूं, तुम्हारे कंस वाले खून में दम है तो जो बिगाड़ना है बिगाड़ लेना।

कई समाजों से एकजुट होने की अपील

पोस्ट के अंत में ओपी राजभर ने लिखा, “जिस दिन राजभर, निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, मांझी, कश्यप, कहार, प्रजापति, कुम्हार, पाल, गड़रिया, नोनिया, तेली, लोहार, नाई, बंजारा, चौहान, माली, दर्जी, धीमर, धोबी, गोंड, वाल्मीकि, डोम, अरक, अर्कवंशी, बारी, वियार, तमेरा, शाक्य, सैनी, अहिरवार, कोइरी, फकीर, लोनिया, बाथम, तुरहा, गोडिया, मछुआ, बहेलिया, खटीक, पासी, मुसहर, नट, बांसफोर, विश्वकर्मा, चौरसिया समाज ने तुम्हारे खिलाफ मोर्चा खोल दिया न, तुम लोगों की जितनी गुंडई है उसे उतरने में 10 मिनट का टाइम भी नहीं लगेगा।

बता दें कि ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से लगातार सोशल मीडिया के जरिए सपा और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। इससे पहले वह परिवारवाद, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, जातीय हिंसा और PDA जैसे मुद्दों को लेकर भी सपा नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं।

Leave a Comment