लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के बाद बनी बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने रविवार को चित्रकूट दौरे से पहले इंस्टाग्राम पर सेल्फी वीडियो जारी कर प्रदेश में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य बातें
- सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक तेजी से मदद पहुंचाई जा रही है।
- मंत्री भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मिल रहे हैं और राहत सामग्री बांट रहे हैं।
- सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी काम कर रही है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का खुद जायजा ले रहे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अधिक बारिश के कारण प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सरकार पूरी तेजी के साथ प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटी है। मुख्यमंत्री खुद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह बलिया, फर्रुखाबाद और वाराणसी का दौरा कर चुके हैं और रविवार को चित्रकूट जा रहे हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रहे सरकार के मंत्री
सीएम योगी ने कहा कि सरकार के मंत्री भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास केवल तत्काल राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
‘संकट की घड़ी में खुद को अकेला न समझें’
मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से कहा कि संकट की इस घड़ी में वे खुद को अकेला न समझें। सरकार उनके सुख-दुख में साथ खड़ी है और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान की सुरक्षा, हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना और जरूरतमंदों की सहायता करना सरकार की पहली प्राथमिकता है।