बुढ़वा मंगल पर अजोसी महावीर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयकारों से गूंजा परिसर

आकाश मिश्रा

सिकरारा। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को अजोसी स्थित श्री पावन महावीर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बजरंगबली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

सिंदूर, फूल-माला और प्रसाद चढ़ाकर की पूजा

बुढ़वा मंगल पर श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने सिंदूर, फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ‘जय श्रीराम’ और ‘बजरंगबली की जय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। मंदिर की धार्मिक परंपरा के अनुसार बूढ़वा मंगल के दिन महावीर जी की विशेष पूजा का आयोजन किया जाता है।

दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु

अजोसी महावीर धाम में लोगों की गहरी धार्मिक आस्था है। श्रद्धालुओं का कहना था कि बूढ़वा मंगल के अवसर पर यहां दर्शन-पूजन करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। इसी आस्था के चलते सुबह से लेकर दिनभर मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। प्रधान पुजारी अरविंद मिश्रा और शुभम मिश्रा की देखरेख में श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन कराया गया। मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी लोग सक्रिय रहे।

श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

भक्तों ने बजरंगबली के समक्ष परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। पूरे दिन अजोसी महावीर धाम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। इस दौरान सौरभ सिंह, मुकेश यादव, तिलकराज सिंह, आकाश मिश्रा, शरद सिंह, लल्लन उपाध्याय, सुशील, पंकज सिंह रामनगर समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Comment