सुल्तानपुर। लंभुआ के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने सुल्तानपुर जिले की अखंडनगर थाना क्षेत्र में संविदाकर्मी अजय तिवारी के साथ हुई कथित मारपीट और उसके सदमे से उनके पिता की मौत को लेकर जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति का हो, न्याय मिलना चाहिए।
हाइलाइट्स
- अजय तिवारी के साथ कथित मारपीट को लेकर पूर्व विधायक ने जताई चिंता
- बेटे की हालत देखकर पिता की सदमे में मौत होने की बात कही
- संतोष पांडेय ने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की
- कहा- अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, कार्रवाई होनी चाहिए
- पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा देने की अपील
‘घटना मानवता को झकझोर देने वाली’
लंभुआ पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने कहा कि सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारे गृह जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में संविदाकर्मी श्री अजय तिवारी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में की गई क्रूरतापूर्ण मारपीट और उन्हें मरणासन्न अवस्था में देखकर उनके पिता की सदमे में हुई मृत्यु की घटना अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ादायक और मानवता को झकझोर देने वाली है।”
उन्होंने कहा कि एक पिता के सामने अपने पुत्र को इस भयावह अवस्था में देखना और उसी सदमे में उनका प्राण त्याग देना पूरे समाज को व्यथित करने वाली त्रासदी है। ऐसी अमानवीय और निर्मम घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए न केवल अस्वीकार्य, बल्कि अक्षम्य है।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने लिखा कि इस दुर्दांत घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर इसमें शामिल प्रत्येक अराजक और आपराधिक तत्व को चिन्हित किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध ऐसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जो नजीर बने। गोरखपुर हो या अखंडनगर, अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उस पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। प्राथमिकता केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना होनी चाहिए।
‘अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, कार्रवाई हो’
संतोष पांडेय ने अपील करते हुए कहा कि सर्वसमाज के सभी जागरूक एवं जिम्मेदार लोगों से सानुरोध अपील है कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से आगे आएं। पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा मिले तथा भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यही हमारी शासन-प्रशासन से मांग है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप के मुताबिक 6 अगस्त को अखंडनगर के अलीपुर बिजली उपकेंद्र में संविदाकर्मी जितेंद्र बिना शटडाउन लिए बिजली के फाल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ गया था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहीं जितेंद्र की मौत की खबर जब उसके परिजनों और ग्रामीणों को लगा तो आक्रोशित होकर बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने बिजली उपकेंद्र में पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की और वहां तैनात SSO अजय तिवारी के साथ मारपीट की। आरोप है कि अजय तिवारी को पीटते हुए ग्रामीण उपकेंद्र से गांव तक ले गए थे।
अजय तिवारी के परिजनों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल अजय तिवारी को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं जितेंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की, लेकिन अजय तिवारी के परिजनों ने अजय तिवारी की पिटाई के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। अजय तिवारी की पत्नी अपने पति के साथ हुई मारपीट के मामले में न्याय की मांग कर रही हैं।