‘2027 में सूपड़ा साफ, 2028 तक सपा समाप्त’… ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

लखनऊ। सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘अखिलेश जी, 2027 नहीं, आपकी अगली पैदाइश तक भी सपा सरकार न बनेगी। चाहे तो लिखकर रख लीजिए।’

हाइलाइट्स
  • 2027 में सपा सरकार न बनने का दावा, 2028 तक पार्टी के समाप्त होने की बात कही
  • यूपी पुलिस के एफआईआर आंकड़ों का हवाला देकर सपा पर लगाए गंभीर आरोप
  • राजभर ने पीडीए की राजनीति को लेकर अखिलेश यादव को घेरा

ओपी राजभर ने दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आप यूपी के किसी भी थाने में चले जाइए, एक भी थाना ऐसा नहीं मिलेगा, जहां आपका पीडीए ‘पीट देगा अहिर’ और ‘पीट देगा अशफाक’ का मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें आपके 2,160 ‘कंसवादी अहिर’ और 1,983 ‘अशफाक/अब्दुल/अकरम’ का काला कारनामा है।

दरअसल, ओपी राजभर ने जून में यूपी पुलिस द्वारा जारी किए गए उस आंकड़े को आधार बताया है, जिसमें जनवरी-अप्रैल 2026 तक यूपी में दलितों पर अत्याचार के मामलों का लेखा-जोखा था। इस रिपोर्ट के मुताबिक दलित उत्पीड़न के कुल 4,741 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 14,672 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इन आरोपियों में यादव समाज के 2,160 और मुस्लिम समुदाय के 1,983 लोग शामिल हैं। इसी को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है।

“मेरे खिलाफ ऑस्ट्रेलिया, लंदन में रिपोर्ट लिखवा दीजिए”

ओपी राजभर ने आगे लिखा है कि हमें पता चला है कि जब हमने आपके पीडीए का सही फुल फॉर्म बताना शुरू किया तो आपने हमारे खिलाफ मुकदमा लिखवाने के लिए अपने चेलों को दिल्ली भेज दिया। देशभर में करीब 18,000 थाने हैं, हर जगह मुकदमा लिखवा दीजिए और अगर इससे भी मन न भरे तो ऑस्ट्रेलिया और लंदन जाकर रिपोर्ट लिखवा दीजिए। आपका तो यहां रोज का आना-जाना है।

‘अगली पैदाइश में भी सपा सरकार नहीं बनेगी’

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि सुन लीजिए, ट्विटर-एसी-पीसी में पीडीए का गाना गाने से काम नहीं चलेगा। बाहर निकलिए, तब पता लगेगा कि आप लोग गैर-यादव पिछड़े और दलित भाइयों पर किस तरह के जुल्म कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि 2027 में तो आपका सूपड़ा साफ ही है, लेकिन 2028 तक सपा पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी। अपनी पोस्ट के अंत में ओपी राजभर ने ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव राजभर’ लिखा है।

Leave a Comment