सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में युवक गौरव उपाध्याय की मौत हो गई। हादसा माइलस्टोन 91.600 के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल गौरव को पहले अंबेडकरनगर जिला अस्पताल और बाद में महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गौरव अपने दोस्तों के साथ लखनऊ से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 91.600 के पास किसी कारणवश वह वाहन से नीचे उतरे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद उनके साथियों ने उन्हें अंबेडकरनगर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
परिवार में मचा कोहराम, इलाके में शोक की लहर
गौरव की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दोस्तपुर क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
पूर्वांचल के चर्चित लोकगायक हैं देवेंद्र उपाध्याय
गौरव प्रसिद्ध लोकगायक देवेंद्र उपाध्याय के दो बेटों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम वैभव उपाध्याय है। देवेंद्र उपाध्याय पूर्वांचल के चर्चित लोकगायक हैं और लंबे समय से लोकगीत एवं आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

