जौनपुर: दो भाइयों के विवाद में गई जान, भाभी ने देवर पर किया पति की गैर इरादतन हत्या का केस

आकाश मिश्र

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के डमरुआ गांव में 16 जुलाई की देर रात घरेलू विवाद के दौरान दो भाइयों के बीच हुई मारपीट में एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी देवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

धक्का लगने से सिर में लगी गंभीर चोट

जानकारी के अनुसार, डमरुआ गांव निवासी सगे भाई प्रेमचंद चौहान और सूरज चौहान के बीच गुरुवार रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि छोटे भाई सूरज ने बड़े भाई प्रेमचंद को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी संगीता चौहान की तहरीर पर आरोपी देवर सूरज चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने शराब पी रखी थी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

Leave a Comment