लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव(Akhilesh Yadav) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को पिछड़ों का नेता बनना है तो उन्हें ‘पीट देगा अहीर’ की भावना से बाहर निकलना पड़ेगा। राजभर ने सपा पर गैर-यादव पिछड़ी जातियों के साथ भेदभाव और उनके आरक्षण के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप भी लगाए।
मुख्य बातें
- ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के वायरल इंटरव्यू का जिक्र कर साधा निशाना
- सपा की चार सरकारों में गैर-यादव पिछड़ों के आरक्षण पर डकैती का आरोप
- बोले- ‘हम अहीरों के हरवाह नहीं हैं, हमारे ठेकेदार बनना बंद करिए’
- गैर-यादव पिछड़ा समाज के सैफई परिवार की गुलामी न करने का दावा
‘CM पिता की बदौलत ऑस्ट्रेलिया घूमने की बधाई’
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव के एक वायरल इंटरव्यू का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “अखिलेश यादव जी! आपका एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें आप बता रहे हैं कि आपको खुद याद नहीं कि आप कितनी बार फेल हुए हैं।”
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने एक इंटरव्यू में खुद बताया था कि वह सिर्फ एक विषय में पास हुए और बाकी में फेल हो गए थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश के पिता मुख्यमंत्री थे, इसलिए वह ऑस्ट्रेलिया घूम आए। राजभर ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि इसके लिए बधाई, लेकिन अखिलेश यादव के इतिहास में एक सच्चाई छिपी है। उन्होंने कहा, “सच्चाई ये है कि आप सिर्फ एक बार पास होंगे, बाकी हर बार फेल हुए।”
‘फेल होने पर भी बन गए CM’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के राजनीतिक परिवार से आने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आप चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, इसलिए फेल होने पर भी आपको CM बना दिया गया।”
राजभर ने इसके बाद अखिलेश यादव की जाति का उल्लेख करते हुए बेहद तीखी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि अगर वह सामान्य परिवार से होते तो उनका जीवन अलग होता। उन्होंने राजभर, मल्लाह, निषाद, बिंद, केवट, प्रजापति, मौर्य, कुर्मी, बंजारा, पाल, नाई और धोबी समेत विभिन्न पिछड़ी जातियों के लोगों के उत्पीड़न और जमीन कब्जाने के आरोप भी लगाए।
हालांकि, ये आरोप ओपी राजभर ने अपने बयान में लगाए हैं और इन पर अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
‘सपा ने गैर-यादव पिछड़ों के आरक्षण पर डकैती डाली’
राजभर ने गैर-यादव पिछड़ी जातियों के आरक्षण को लेकर सपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा की चार बार की सरकार में गैर-यादव पिछड़ों के आरक्षण पर डकैती डालने का काम किया गया। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि अगर उन्हें इस बात पर यकीन नहीं है तो वह अपने चाचा शिवपाल यादव से पूछ सकते हैं, जो खुद सच्चाई बता देंगे।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा को चौधरी चरण सिंह की वजह से मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली थी। उनके मुताबिक यह कुर्सी लोगों की सेवा के लिए थी, लेकिन अखिलेश यादव ने ‘अहीर’ और ‘अशफाक’ के चक्कर में गरीबों के आरक्षण को नुकसान पहुंचाने का काम किया।
‘हम आपके हरवाह नहीं हैं’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर पिछड़ी जातियों की राजनीति को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को उन पिछड़ी जातियों के बारे में सोचना पड़ेगा, जिन पर उनके आरोप के मुताबिक तीन दशक से उनके स्वजातीय लोगों ने अत्याचार किया और उनके हक पर डकैती डाली।
राजभर ने कहा, “अखिलेश जी, हम लोग अहीरों के हरवाह नहीं हैं। इसलिए हमारे ठेकेदार बनना बंद करिए। गैर-यादव पिछड़ा समाज सैफई परिवार की गुलामी नहीं करेगा।”
राजभर ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव और उनके स्वजातियों के सामने अब अगड़े भी पिछड़े हो गए हैं। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग (OBC) की राजनीति को लेकर सपा और SBSP के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।