सपा के भ्रष्टाचार का ‘जीवंत स्मारक’ है JPNIC; CM योगी बोले- ‘जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं’

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने JPNIC को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को सपा के भ्रष्टाचार का ‘जीवंत स्मारक’ बताते हुए कहा कि जयप्रकाश नारायण जैसे महापुरुष के नाम का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में JPNIC परियोजना की लागत 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह अधूरी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटर पर सपा का कब्जा बनाए रखने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश के निजी सचिव और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी शामिल थे।

मुख्य बातें
  • CM योगी ने JPNIC को सपा के भ्रष्टाचार का ‘जीवंत स्मारक’ बताया
  • बोले- जनता के पैसे पर किसी राजनीतिक दल को डकैती की छूट नहीं
  • JPNIC की लागत 200 करोड़ से बढ़कर 864 करोड़ रुपये होने पर सवाल
  • सपा पर दंगा, कर्फ्यू और जातीय राजनीति को लेकर भी हमला

‘जनता के पैसे का एक-एक हिसाब होगा’

सीएम योगी ने कहा कि JPNIC पर खर्च हुए 864 करोड़ रुपये सैफई सिंडिकेट के नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता के हैं। जनता के पैसे पर किसी राजनीतिक दल को डकैती डालने की छूट नहीं दी जा सकती।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कमेटी को भंग कर JPNIC को वापस लिया है। अब इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के खजाने से खर्च हुई धनराशि की वसूली का प्रयास किया जाएगा।

सपा पर दंगा और जातीय राजनीति का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीए के नाम पर समाज को बांटने वाली सपा ने कभी महापुरुषों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने सपा को ‘दंगों की बादशाह’ बताते हुए कहा कि कर्फ्यू उसकी पहचान और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत रही है।

अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण

सीएम योगी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अवंतीबाई लोधी का जीवन नारी शक्ति, शौर्य और साहस का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वीरांगनाओं ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर प्रदेश में तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ, दूसरी गोरखपुर और तीसरी बदायूं में है। उन्होंने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी दी जाएगी। साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की गई है। सीएम योगी ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। अगर हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं।

Leave a Comment