लखनऊ। लोकभवन सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के जरिए विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र पाने के बाद अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और चयन प्रक्रिया को लेकर खुशी जताई। संवाद के दौरान कई अभ्यर्थियों ने कहा कि पारदर्शी और योग्यता आधारित चयन से युवाओं में सरकारी नौकरी पाने का भरोसा मजबूत हुआ है।
मुख्य बातें
- CM योगी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
- किसान परिवार से आने वाली डॉ. रेखा पलावत का प्रोफेसर पद पर चयन हुआ।
- अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की सराहना की।
किसान की बेटी बनीं प्रोफेसर, डॉ. रेखा ने साझा किया अनुभव
हाथरस की डॉ. रेखा पलावत का लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रोफेसर शल्य तंत्र के पद पर चयन हुआ है। मुख्यमंत्री से संवाद में उन्होंने बताया कि उनके पिता किसान हैं और वह मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। माता-पिता के परिश्रम और सहयोग से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। डॉ. रेखा ने आवेदन से लेकर चयन और नियुक्ति तक की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आयुष मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योग्यता के आधार पर परिणाम आने से अभ्यर्थियों में नई ऊर्जा आई है।
होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अंशु ने जताया आभार
लखनऊ की अंशु गुप्ता का चयन होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पद पर हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने अपनी खुशी जाहिर करते हुए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार का आभार जताया। अंशु ने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 के बीच 800 से अधिक होम्योपैथिक फार्मासिस्टों का चयन हुआ है। उन्होंने अपने पद की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया।
सरिता सोनी बोलीं- बेटियों को रोजगार का अवसर मिला
एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर चयनित सरिता सोनी ने भी मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के जरिए उनकी नियुक्ति हुई है। उनके मुताबिक प्रदेश में बेटियों के लिए सुरक्षा और सम्मान के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हुए हैं। लखनऊ के अनुराग गौतम का भी एक्स-रे टेक्नीशियन पद पर चयन हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए पूरी निष्ठा से सरकारी सेवा करने की बात कही।
वायरमैन और प्लंबर अनुदेशक पद पर भी चयन
भदोही के सचिन कुमार सिंह का UPSSSC के माध्यम से वायरमैन अनुदेशक के पद पर चयन हुआ है। उन्हें अंबेडकरनगर के आलापुर में तैनाती मिली है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं प्रयागराज के महेश कुमार यादव का प्लंबर अनुदेशक पद पर चयन हुआ है। उन्हें गोंडा में तैनाती मिली है। उन्होंने भी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का भरोसा दिया।
सहायक सांख्यिकी अधिकारियों ने भी साझा की खुशी
उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर चयनित दिलीप कुमार पांडे ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया को दिया। उन्होंने नियुक्ति के दिन को अपने लिए ऐतिहासिक बताया। सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर चयनित यशवंत सिंह ने भी नियुक्ति मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
इन अभ्यर्थियों को CM योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
आयुष विभाग में डॉ. सुधीर चौहान को प्रोफेसर होम्योपैथ, जबकि आराधना चौधरी, रोशनी, प्रिंसी गुप्ता, साक्षी सिंह, पल्लवी देवी और आकाश शुक्ला को फार्मासिस्ट होम्योपैथ के पद पर नियुक्ति पत्र मिला।
डॉ. हिमानी और डॉ. रोमा आनंद को रीडर आयुर्वेद तथा डॉ. सफिया बानो और डॉ. मोहम्मद कासिफ को प्रवक्ता यूनानी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में प्रिंस सिंह, पंकज कुमार वर्मा, शिवानंद शुक्ल, मोहम्मद अफरोज, ट्विंकल पटेल, सरिता सोनी, सविता देवी और अनुराग गौतम को एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति पत्र दिए गए। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में तृप्ति श्रीवास्तव और ललित कुमार वर्मा को सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।