प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़, चोरी के आरोपी के पैर में लगी गोली; सोने-चांदी के जेवर और तमंचा बरामद

प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 7 अगस्त को एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

हाइलाइट्स:
  • आसपुर देवसरा में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी का आरोपी गिरफ्तार।
  • जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती।
  • चोरी के जेवर, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद।

वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में आसपुर देवसरा थाना पुलिस एवं स्पेशल टीम जलपा नहर, सैफाबाद के पास वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार डब्लू वर्मा पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी पड़री मुश्तर्का, थाना कंधई को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगा।

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा कर घेराबंदी की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया।

चोरी के जेवर और अवैध हथियार बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से थाना आसपुर देवसरा में दर्ज मुकदमा संख्या 208/2026 से संबंधित चोरी के सोने एवं चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment