‘बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम’- बुलंदशहर में बोले CM Yogi

बुलंदशहर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi Adityanath) ने शनिवार को बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, निवेश, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह “जेल या जहन्नुम” में है।

2017 से पहले और अब के उत्तर प्रदेश की तुलना

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भय, दंगों और असुरक्षा का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि उस समय बेटियां और व्यापारी सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, जबकि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा, “अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यहां सब चंगा है।” साथ ही माफिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।

574 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

सीएम योगी ने 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट, थर्मल प्रिंटर, आवास स्वीकृति पत्र, चाबी और छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बुलंदशहर को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी मिल चुकी है। उनके अनुसार, इसके बनने के बाद बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट की दूरी “वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी।”

निवेश, रोजगार और अर्थव्यवस्था पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश मोबाइल निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट, गन्ना उत्पादन और इथेनॉल उत्पादन जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बन चुका है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियां अब पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं और युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

Leave a Comment