जौनपुर: हाईटेंशन तारों से बड़े हादसे की आशंका, पीपल-नीम के पेड़ों में हो रही स्पार्किंग

जौनपुर। जिले के सिंगरामऊ(Singramau) क्षेत्र के बछुआर गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही सामने आई है। रेलवे लाइन के किनारे बनाए गए नए बिजली फीडर से निकाली गई हाईटेंशन लाइन पीपल और नीम के हरे-भरे पेड़ों के ऊपर से गुजारी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों की शाखाएं लगातार हाईटेंशन तारों के संपर्क में आ रही हैं, जिससे स्पार्किंग हो रही है और पेड़ों में करंट दौड़ रहा है। बरसात और तेज हवाओं के मौसम में इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो पेड़ों की छंटाई कराई गई और न ही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित बनाने के लिए कोई कदम उठाया गया। विभाग की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

पहले भी हो चुकी है दो युवकों की मौत

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ समय पहले इसी गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि मौजूदा स्थिति में हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते हाईटेंशन लाइन को पेड़ों से अलग कर सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी सुधार कराने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Leave a Comment