Jaunpur: एक सप्ताह बाद बदला गया जला ट्रांसफार्मर, 150 घरों में बहाल हुई बिजली

जौनपुर। बदलापुर(Badlapur) विधानसभा के तेजीबाजार क्षेत्र स्थित चितौड़ी गांव में एक सप्ताह से जला पड़ा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बदला गया। बिजली विभाग ने लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगवाया, जिससे करीब 150 घरों में बिजली आपूर्ति फिर से बहाल हो गई। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

एक सप्ताह तक अंधेरे में रहे ग्रामीण, गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। जिसकी वजह से उमस भरी गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया और लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।

ग्रामीणों की पहल पर विभाग ने लिया त्वरित संज्ञान

चितौड़ी गांव के रोजगार सेवक एवं समाजसेवी सचिन पांडेय ने बताया कि उन्होंने गांव के कुछ प्रमुख लोगों के साथ बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (Xen) से मुलाकात कर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की थी। उनके साथ शिवप्रसाद पांडेय, सत्य प्रकाश उर्फ कल्लू पांडेय, संजय सिंह उर्फ कल्लू और पूर्व प्रधान सूर्य प्रकाश सरोज बाला भी मौजूद रहे।

24 घंटे के भीतर लगाया गया नया ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और 24 घंटे के भीतर जले हुए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता का आभार जताया। नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Comment