यूपी कांग्रेस की कमान मिलने के बाद पहली बार प्रतापगढ़ पहुंचीं मोना, 2027 पर किया बड़ा ऐलान

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद 24 अक्टूबर को आराधना मिश्रा ‘मोना’ पहली बार अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अगई बॉर्डर से लालगंज तक करीब 15 किलोमीटर के रास्ते को बैनर, होर्डिंग और पार्टी के झंडों से सजाया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों, घोड़ों और जेसीबी मशीनों के जरिए उनका स्वागत किया गया। इंदिरा चौक पर नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष द्विवेदी ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया।

मुख्य बातें

  • यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ पहली बार पहुंची अपने गृह जनपद प्रतापगढ़।
  • जेसीबी से बरसाए गए गुलाब के फूल, पांच घोड़ों के साथ निकला काफिला।
  • 2027 में यूपी में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी- मोना मिश्रा।

जेसीबी से बरसाए गुलाब के फूल, क्रेन से पहनाई माला

आराधना मिश्रा ‘मोना’ के स्वागत के लिए अगई बॉर्डर पर जेसीबी मशीनों से गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं। उनकी गाड़ी के आगे पांच घोड़े चलते नजर आए। रानीगंज कैथौला बाजार में भी स्वागत के लिए चार जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। यहां डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता झूमते दिखे। आराधना मिश्रा, उनके पिता प्रमोद तिवारी और बेटे राघव मिश्रा को क्रेन की मदद से माला पहनाकर स्वागत किया गया।

‘रामपुर खास का सिर झुकने नहीं दूंगी’

इंदिरा चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा, “मैं रामपुर खास का सिर झुकने नहीं दूंगी। यहां के खून ने बस जीतना सीखा है। ”उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में एक सफल गठबंधन के रूप में ‘इंडिया गठबंधन’ को चुनाव लड़ाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी जिम्मेदारी केवल चुनाव लड़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि 2027 में उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाने का लक्ष्य भी है।

पिता प्रमोद तिवारी और परिवार के सदस्य रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम के दौरान आराधना मिश्रा के साथ उनके पिता और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी, बेटे राघव मिश्रा और छोटी बहन विजयश्री सोना भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

तीसरी बार विधायक हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’

कांग्रेस नेतृत्व ने 2 अक्टूबर को आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। 52 वर्षीय आराधना मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता भी हैं। दो दशक से अधिक समय से राजनीति में सक्रिय आराधना मिश्रा को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का करीबी माना जाता है।

Leave a Comment