लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और इंप्लॉयमेंट हो। युवाओं की क्षमताओं का सही उपयोग और उनकी संभावनाओं को पूरा करने के लिए यह नीति लाई जा रही है।
मुख्य बातें
- यूपी सरकार जल्द लेकर आएगी यूथ पॉलिसी
- युवाओं के स्किल, इनोवेशन और इंप्लॉयमेंट पर रहेगा फोकस
- AI, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में खुलेंगे नए अवसर
- हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और हर जिले में स्टेडियम विकसित करने पर जोर
युवाओं के लिए इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ काम करेगी सरकार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मुझे घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि यूथ पॉलिसी के माध्यम से प्रदेश के युवा को इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ उनके स्किल, इनोवेशन और इंप्लॉयमेंट को हम गति दे सकेंगे।” उन्होंने प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आपकी प्रतिभा में ही यूपी की शक्ति है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने डेमोग्राफिक डिविडेंड को डेवलपमेंट इंजन के रूप में बदल रही है।
AI से डीपटेक तक आधुनिक क्षेत्रों में अवसर
मुख्यमंत्री ने Gen Z और Gen-Alpha के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक क्षेत्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए AI, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिफेंस सिस्टम, रोबोटिक्स, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, फिनटेक और डीपटेक जैसे क्षेत्रों में नए द्वार खोले जाएंगे।
रोजगार के साथ स्वरोजगार पर भी जोर
सीएम योगी ने युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार को लेकर सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सीएम उद्यमी योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त लोन दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ-साथ उन्हें रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
खेलों के विकास पर भी सरकार का फोकस
खेल और युवाओं के शारीरिक विकास को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर गांव में खेल का मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही गांवों और स्थानीय स्तर पर ओपन जिम भी लगवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रस्तावित यूथ पॉलिसी के जरिए युवाओं के स्किल, इनोवेशन और इंप्लॉयमेंट को एक साथ जोड़कर उनकी क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा।