प्रतापगढ़: कंप्यूटर ऑपरेटर की पीट-पीटकर हत्या, पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत 6 पर FIR

प्रतापगढ़ (Pratapgarh) में पूर्ति विभाग (Supply Department) के संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर (Computer Operator) सौरभ विश्वकर्मा की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑफिस से घर लौटते समय घात लगाकर बैठे हमलावरों ने लाठी-डंडे, सरिया और रिवॉल्वर की बट से उनकी बेरहमी से पिटाई की। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में एक नामजद आरोपी दरोगा किवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

हाइलाइट्स
  • प्रतापगढ़ में पूर्ति विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ विश्वकर्मा की हत्या
  • ऑफिस से घर लौटते समय घेरकर बेरहमी से पीटने का आरोप
  • पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
  • पुलिस ने आरोपी दरोगा तिवारी उर्फ विपिन तिवारी को गिरफ्तार किया
  • आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद

ऑफिस से घर लौटते समय घेरकर हमला

लीलापुर थाना (Lilapur Police Station) क्षेत्र के सिंधौर गांव निवासी 32 वर्षीय सौरभ विश्वकर्मा पूर्ति विभाग में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम करीब 7 से 7:15 बजे के बीच वह लालगंज स्थित सप्लाई कार्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे।

बताया गया कि गजाधर इंटर कॉलेज से करीब 150 मीटर आगे पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, सरिया और रिवॉल्वर की बट से सौरभ की जमकर पिटाई की।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

हमलावर सौरभ को मरा समझकर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर उनके दोस्त सोनू उपाध्याय और शुभम पांडेय मौके पर पहुंचे और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मरने से पहले हमलावरों के नाम बताने का दावा

परिजनों के मुताबिक, गंभीर हालत में सौरभ ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत छह हमलावरों के नाम बताए थे। इसका वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख, उनके कोटेदार भाई समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुरानी रंजिश में हत्या का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक, लीलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर के सिंद्धौर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसी घटना में घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में लीलापुर पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपी दरोगा तिवारी उर्फ विपिन तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई।

आरोपी की निशानदेही पर डंडा बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक डंडा बरामद किया गया है। पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सौरभ की करीब एक साल पहले शादी हुई थी और उनकी चार महीने की बेटी है। पति की मौत के बाद पत्नी आंचल का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी बृजनंदन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment