व्यवस्था में चूक के बाद शुरू हुआ प्रायश्चित अनुष्ठान
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच जारी है। इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने व्यवस्था में हुई चूक को स्वीकार करते हुए भगवान से क्षमा-याचना के लिए प्रायश्चित अनुष्ठान शुरू कराया है।
18 पुजारी और 5 आचार्य कर रहे विशेष पूजा-पाठ
शुक्रवार सुबह 11 बजे से राम मंदिर परिसर में विशेष पूजा-पाठ शुरू हुआ। ट्रस्ट की ओर से 18 पुजारी और 5 आचार्य वेद मंत्रों का उच्चारण, रुद्राभिषेक और हवन कर रहे हैं। यह विशेष अनुष्ठान भगवान श्रीराम से क्षमा-याचना के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
10 दिनों तक चलेगा अनुष्ठान
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट का मानना है कि चढ़ावा चोरी की घटना व्यवस्था में हुई चूक का परिणाम है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी कारण वैदिक परंपराओं के अनुसार 10 दिवसीय प्रायश्चित अनुष्ठान शुरू कराया गया है। इस दौरान प्रतिदिन दो बार विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ और हवन किया जाएगा।