दिवाली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, यूपी में चलेंगी अतिरिक्त बसें, दिल्ली से पूर्वांचल के लिए बढ़ेगी सेवा

लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को बसों की कमी से राहत देने के लिए योगी सरकार ने विशेष परिवहन व्यवस्था की तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) को 6 नवंबर से 17 नवंबर तक अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर दिल्ली, गाजियाबाद और दूसरे महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

मुख्य बातें

  • 6 से 17 नवंबर तक त्योहारों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन
  • दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ के लिए बढ़ेंगी बसें
  • पात्र चालक-परिचालकों को मानक पूरा करने पर 400 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि

दिल्ली से पूर्वांचल के लिए बढ़ेंगी बसें

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी। त्योहारों के दौरान दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

वहीं गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा जैसे क्षेत्रों में भी यात्रियों की मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। परिवहन निगम ने निर्देश दिया है कि किसी रूट पर 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलने पर अतिरिक्त बस सेवा शुरू की जाए। क्षेत्रीय प्रबंधकों को जरूरत के मुताबिक बसों की संख्या घटाने या बढ़ाने का अधिकार दिया गया है।

सभी बसें सड़क पर उतारने की तैयारी

परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि में निगम की सभी बसों को शत-प्रतिशत सड़क पर उतारने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बसों की मरम्मत, जरूरी कलपुर्जों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

हालांकि, किसी भी स्थिति में अनफिट बसों को संचालन में नहीं लगाया जाएगा। अनुबंधित बसों के मालिकों को भी समय रहते मरम्मत कराने और बसें उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर इस अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी स्वीकृत नहीं की जाएंगी। सभी की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।

चालक-परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन

त्योहारों के दौरान बस संचालन को बेहतर बनाने के लिए परिवहन निगम चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देगा। प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक, संविदा और आउटसोर्सिंग सहित पात्र कर्मचारियों को निर्धारित शर्तें पूरी करने पर प्रतिदिन 400 रुपये मिलेंगे। इसके लिए कम से कम 11 दिन ड्यूटी करना और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना जरूरी होगा।

  • 11 दिन निर्धारित मानक पूरा करने पर 4,400 रुपये
  • 12 दिन निर्धारित मानक पूरा करने पर 4,800 रुपये

संविदा और बाह्य स्रोत से जुड़े चालक-परिचालकों को निर्धारित दूरी से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान भी किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक बस चलाने पर भी मिलेगा अतिरिक्त लाभ

परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को भी प्रोत्साहित करेगा। नियमित और संविदा चालक यदि प्रोत्साहन अवधि में कम से कम 11 दिन इलेक्ट्रिक बस चलाते हैं और कुल 3,300 किलोमीटर का संचालन पूरा करते हैं, तो उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त करीब 1,000 रुपये दिए जाएंगे। इस व्यवस्था के जरिए सरकार का लक्ष्य दीपावली, छठ और भैयादूज के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment